हरिद्वार – हरिद्वार कुंभ मेले के लिए महामंडलेश्वर नगर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बैरागी अखाड़ों को बैरागी कैंप में भूमि उपलब्ध कराने के बाद सन्यासी अखाड़ों ने भी भूमि आवंटन की मांग की थी। निरंजनी अखाड़े में अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों ने मेला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक और सभी साधु संत चंडी टापू, गौरीशंकर और अन्य नीलधारा के किनारे बने मैदानों में भूमि के सर्वे के लिए गए। बैठक में मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी संजय गुंज्याल समेत अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष, महामंत्री और सन्यासी अखाड़ो के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के बाद सभी साधु संत चंडी घाट पहुँचे और वहाँ पर अपने अखाड़ों की भूमि के लिए स्थान चिन्हित कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि सरकार की ओर से बैरागी अखाड़ों को भूमि आवंटित की गई है। सन्यासी अखाड़ों ने भी सरकार से भूमि की मांग की है। सर्वे में कुछ भूमियों को चिन्हित किया गया है। जिसकी जानकारी मेला प्रशासन को देंगे। उम्मीद है कि जल्द से जल्द तैयारी करके महामंडलेश्वर नगर बसा दिया जाएगा। वही अखाडे के सचिव रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कुम्भ मेले के आयोजन की उम्मीद जगी है। उन्होंने अपने अखाड़ों के महामंडलेश्वर नगर और पंडाल इत्यादि का चिन्हीकरण कर लिया है। यहाँ पर दो अस्थायी पुलों का निर्माण होना है उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन उनकी ये माँग भी पूरी करेगा।

