भगवानपुर (हरिद्वार) – हरिद्वार के भगवानपुर थाना पुलिस ने महिला स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 50 लाख की स्मैक बरामद हुई है। इस अपराध में शामिल महिला का पति जो मुख्य आरोपी है, फरार बताया जा रहा है। एसपी देहात प्रमेन्द्र डोभाल ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।
प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि हरिद्वार के एसएसपी सेंथिल अवूदई कृष्णराज एस. द्वारा नशे के विरूद्ध सख्त अभियान का निर्देश दिया गया है। उसी क्रम में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत सीओ मंगलौर पंकज गैरोला के कुशल निर्देशन व थानाध्यक्ष भगवानपुर पी.डी.भट्ट के सजग नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर सघन चैकिंग अभियान चलाया गया।
मंगलवार को पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि सिकन्दरपुर भैंसवाल स्थित राशिद व उसकी पत्नि के घर भारी मात्रा में अवैध स्मैक रखी है। तत्काल तलाशी न होने पर वह माल वहां से बिक्री कर सकते हैं या मौके से हटा सकते हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राशिद के घर छापा मारा। उसके घर से कुल 142.76 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। जिस पर प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामदा स्मैक की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
सख्ती से पूछताछ करने पर महिला द्वारा बताया गया कि उसका पति बाहर से स्मैक खरीद कर लाता हैं और घर पर रखकर उसे छोटी छोटी मात्राओं में पुड़िया बनाने के लिए कहता हैं। पति द्वारा ही ग्राहकों को घर का पता बता कर भेजा जाता है और घर में आकर एक पुड़िया 250 से 400 रुपये तक बिक जाती है। पति द्वारा माल कहाँ से लाया जाता है इसकी जानकारी उसे नहीं है। एसपी देहात ने बताया कि महिला के फरार पति की तलाश की जा रही है साथ ही इस केस में गैंगस्टर की कार्रवाई भी अमल में लायी जाएगी।

वही इस ऑपरेशन में लगी पुलिस टीम को एसएसपी द्वारा 2500 रुपये का नगद ईनाम देने की घोषणा की गई। पुलिस टीम एसपी देहात प्रवेन्द्र डोभाल (पर्यवेक्षण अधिकारी), सीओ मंगलौर पंकज गैरोला, एसओ भगवानपुर पी0डी0 भट्ट, सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र चौक (इंचार्ज काली नदी), सब इंस्पेक्टर सतीश शाह, गीतम, बबलू खान, ललित यादव बलदेव, महिला सिपाही गीता शाह और चालक लाल सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *