हरिद्वार – देशभर में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। धर्मनगरी हरिद्वार में सोमवार को पिछले कई दिनों की तुलना में सबसे ज्यादा 53 नए कोरोना के मामले सामने आए। हरिद्वार में इन दिनों कुंभ मेला चल रहा है। ऐसे में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच कुंभ मेले के महत्वपूर्ण स्नान कुशलतापूर्वक संपन्न कराना सरकार और मेला प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती बन रहा है। 3 दिन पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कुंभ मेले में कोरोना की जांचें बढ़ाने और कोविड गाइडलाइन को सख्ती से पालन कराने के लिए आगाह किया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के पत्र के बाद हरिद्वार में प्रशासन हरकत में आया है। अधिकारी दावा कर रहे हैं कि कोरोना की जांचे बढ़ाई जाएंगी। मेलाधिकारी दीपक रावत का कहना है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए मेला क्षेत्र में कोविड टेस्ट की संख्या बढ़ाने और टेस्टिंग बूथों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

