हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार महाकुंभ पर्व के रंग में रंगी हुई है। रविवार को हरिद्वार में श्रीपंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन की भव्य पेशवाई निकाली गई। पेशवाई में योगगुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण समेत बड़ी संख्या में साधु संतों ने भाग लिया। पेशवाई देखने के लिए जगह-जगह लोगों का हुजूम उमड़ा पड़ा।

सुबह 10 बजे भूपतवाला दूधाधारी से शुरू हुई। पेशवाई सूखी नदी, खड़खड़ी, भीमगोड़ा हर की पैड़ी, अपर रोड, रेलवे रोड, शिव मूर्ति, तुलसी चैक, शंकराचार्य चैक, महात्मा गांधी मार्ग, बंगाली मोड़, पहाड़ी बाजार, महानंद मिशन कनखल चैक, दक्षेश्वर महादेव मंदिर रोड, होली मोहल्ला चैक होते हुए दक्षेश्वर महादेव मंदिर के समीप अखाड़े की छावनी में प्रवेश करेगी। पेशवाई में तीन हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा कर साधु संतों का स्वागत किया गया। इस दौरान बाबा रामदेव ने कहा कि उनका मूल अखाड़ा योग परंपरा से जुड़ा बड़ा उदासीन अखाड़ा ही है।

पेशवाई में बाबा रामदेव ने माना कि कोरोना की गाइडलाइन का पालन होना जरूरी है लेकिन पेशवाई में लोगो का उत्साह देखते ही बनता है जिसमें थोड़ा बहुत कोरोना की गाइडलाइन टूटती दिखाई दे रही है। उन्हें लगता है कि लोग योग करके मजबूत हो गए हैं जो पेशवाई में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेशवाई में कुंभ का अद्भुत दृश्य आज दिखाई दे रहा है।

पेशवाई के संबंध में और अधिक बताते हुए बड़ा अखाड़ा उदासीन के श्रीमहंत महेश्वर दास ने बताया कि पेशवाई में सबसे आगे डॉक्टरों की टीम चल रही है जो पेशवाई के आगे सैनिटाइजेशन का कार्य कर रही है साथ ही अखाड़े के द्वारा दस हजार मास्क का वितरण पेशवाई के दौरान किया गया। उन्होंने कहा कि लोग कोरोना से सावधानी बरतें और तीर्थ का आनंद लें। पेशवाई की भव्यता के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि पेशवाई में केदार बद्री के साथ-साथ भारत माता की भी झांकी निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना से जल्द से जल्द देश मुक्त हो और आगे अग्रसर हो इसके लिए राष्ट्र को नमन करते हुए 108 फुट लंबा तिरंगा झंडा भी पेशवाई में निकाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *