हरिद्वार – उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कुम्भ मेले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने राज्य सरकार पर कुम्भ मेले के बजट की बंदरबांट का आरोप भी लगाया है। हरिद्वार में प्रेस वार्ता कर किशोर उपाध्याय ने कहा कि हरिद्वार कुम्भ मेले के बजट में बंदरबांट की जा रही है। बजट होते हुए भी साधु संतो को व्यवस्था नहीं दी जा रही है। यही कारण है कि साधु संतो ने अधिकारियो की पीठ थपथपाने की बजाय उन पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं। वही उन्होंने सरकार से मांग की है कि कुम्भ मेले की व्यवस्था के लिए केंद्र से आये बजट पर सरकार श्वेत पत्र जारी करे।
किशोर उपाध्याय ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कुम्भ के बजट में बंदरबांट कर अपने पास ज्यादा पैसे समेटकर रख लिए होंगे इसलिए जैसे उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाया गया है ऐसे आज तक किसी मुख्यमंत्री को नहीं हटाया गया। वही उन्होंने कुम्भ बजट की बंदरबांट के विरोध में सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाने की चेतवानी भी दी है।
प्रेसवार्ता के दौरान महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान, कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अंशुल श्रीकुंज, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश सचिव विभास मिश्रा समेत कई कांग्रेसी मौजूद रहे।

