हरिद्वार – राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में इन दिनों जंगली गजराजो की आमद तेज हो गई है। हर रोज जंगली गजराजो के कई झुंड घासीराम, हाथीनाला क्षेत्र से होकर होकर गंगा की ओर रुख कर रहे हैं । महाकुंभ होने के कारण और शाही स्नान पर्वों के दौरान इस मार्ग को ट्रैफिक के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। मार्ग पर हाथियों की लगातार आवाजाही के चलते राजाजी टाइगर रिजर्व ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस क्षेत्र में 24 घंटे पेट्रोलिंग के साथ कई टीमों को तैनात किया गया है। इसके अलावा स्पेशल क्यू आर टी टीम का भी गठन किया गया है।
हरिद्वार चीला ऋषिकेश मार्ग पर राजाजी के कई क्षेत्र बेहद ही संवेदनशील है जहां से अक्सर हाथियों के झुंड जंगल से निकल कर गंगा की ओर रुख करते है। इनमे से विशेषकर चंडी, घासीराम और हाथी नाला है। जिन पर विशेष फोकस किया है। राजाजी टाइगर रिजर्व की चीला रेंज में प्रत्येक सेक्शन के हिसाब से टीमें बनाई गई हैं। इस क्षेत्र के वन आरक्षी आशीष गौर के नेतृत्व में 24 घंटे वन कर्मियों की टीम को निगरानी के लिए तैनात किया गया है। साथ ही चीला रेंज के दुगड्डा क्षेत्र तक तैनात सभी सेक्शन इंचार्ज को सघन पेट्रोलिंग के निर्देश भी दिए गए हैं।
महाकुंभ के दौरान होने वाले शाही स्नानो को देखते हुए कुंभ मेला प्रशासन ने चीला ऋषिकेश बैराज मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्ट करने की योजना बनाई है इस मार्ग से हरिद्वार से जाने वाले वाहनों को गुजारा जाएगा। वही इस मार्ग पर लगातार हाथियों की आमद होने के चलते पार्क महकमा विशेष निगरानी कर रहा है सभी टीमें सिस्टमैटिक तरीके से चीला मुख्यालय को लगातार हर अपडेट से अवगत करा रही है।
अनिल पैन्यूली, रेंज अधिकारी चीला राजाजी टाइगर रिजर्व का कहना है कि महाकुंभ को देखते हुए हमने कई टीमों का गठन किया है स्पेशल क्विक रिस्पांस टीम के गठन के साथ ही पैट्रोलिंग के लिए एक अलग से वाहन की व्यवस्था की गई है इसके साथ ही चंडी से दुगड्डा श्रोत तक सभी अधिकारियों को लगातार निगरानी के आदेश भी जारी किए गए हैं, ग्रामीण क्षेत्रों के लिए गठित स्पेशल वॉलंटरी टीम को भी तैनात कर पेट्रोलिंग की जा रही है।

