हरिद्वार – हरिद्वार से कुंभ मेले से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कुंभ मेले के लिए उत्तरदाई साधु संतों की सबसे बड़ी संस्था, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज को कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। आपको बता दें कि 2 दिन पहले स्वास्थ्य बिगड़ने के चलते नरेंद्र गिरी महाराज को हरिद्वार के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। इस दौरान जब उनका कोरोनावायरस टेस्ट किया गया तो आज उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद कुंभ मेले के लिए सबसे महत्वपूर्ण संस्था मानी जाती है। हरिद्वार महाकुंभ की तैयारी भी अखाड़ा परिषद से जुड़े साधु संतों द्वारा ही की जा रही थी लेकिन शाही स्नान से 1 दिन पूर्व अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी महाराज को कोरोना संक्रिमित होना बड़ी चिंता का विषय है, गौरतलब है कि कुंभ में एसओपी को लेकर कई बार अखाड़ा परिषद ढील देने के लिए मेला प्रशासन और सरकार को कहता रहा है। लेकिन कोरोना इस वक़्त पूरी दुनिया में वैश्विक महामारी के रूप में कहर बना हुआ है। ऐसे में हरिद्वार और उत्तराखंड की सुरक्षा के मद्देनजर मेला प्रशासन को सौ फीसदी एसओपी के पालन के लिये और पुख्ता इंतजाम करने होंगे।

