उत्तरकाशी – नवरात्रि के पहले दिन गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि का ऐलान किया गया। गंगोत्री धाम के कपाट आगामी 15 मई को खुलेंगे। सुरेश सेमवाल अध्यक्ष गंगोत्री मन्दिर समिति ने बताया कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर शनिवार को मिथुन लग्न में सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर पूरे विधि-विधान से साथ खुलेगा। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट उद्घाटन की तिथि की घोषणा आगामी 18 अप्रैल को यमुना जन्मोत्सव के अवसर पर यमुनोत्री मंदिर धाम समिति के पदाधिकारी यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली में करेंगे।
आगामी 14 मई को शुक्ल पक्ष के कर्क लग्न की शुभ बेला पर बैशाख द्वितीय को 11 बजकर 45 मिनट पर मां गंगा की डोली शीतकालीन प्रवास मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी।. उसके बाद पैदल गंगोत्री धाम की डोली यात्रा रात्रि विश्राम के लिए भैरो घाटी स्थित भैरो मंदिर पहुंचेगी। गंगोत्री धाम मंदिर समिति के अध्यक्ष सुरेश सेमवाल ने कहा कि 15 मई को मां गंगा की डोली सुबह 4 बजे गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी. उसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ही विशेष पूजा अर्चना के साथ 15 मई को अक्षय तृतीया पर सुबह मिथुन लग्न की शुभ बेला पर 7 बजकर 30 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट 6 माह के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जायेंगे।

