हरिद्वार – उत्तराखंड में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोगों की मौतें भी हो रही है। इस संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन स्तर पर भी कड़े प्रयास किए जा रहे हैं। हरिद्वार में ऑक्सीजन सिलेंडर की कमी को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी रविशंकर ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने आदेश दिया है कि कोरोना संक्रमण के मामलों में हो रही वृद्धि के दृष्टिगत कोविड-19 हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन की उपलब्धता, मांग और आपूर्ति को पूरा करने के लिए सिडकुल में स्थित औद्योगिक इकाइयों से ऑक्सीजन की सिलेंडर ली जायेगी। इस काम के लिए जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को नोडल अधिकारी भी बनाया गया है।
आदेश में साफ लिखा है सिडकुल के रिजनल मैनेजर, हरिद्वार की सभी सिडकुल एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों से बातचीत करके 5 मई तक कंपनियों से मेडिकल ऑक्सीजन प्राप्त करें। और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को उपलब्ध कराएं। वही जिलाधिकारी ने साफ तौर से कहा है कि उनके इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए, यदि आदेश का उल्लंघन हुआ तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

