ऋषिकेश (देहरादून) – विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल को वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन करना भारी पड़ गया। ऋषिकेश के नाभा हाउस प्राथमिक स्कूल में बने वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों के सब्र का बांध उस वक्त टूट गया जब दो-ढाई घंटे इंतजार करने के बाद भी उन्हें वैक्सीन नहीं लगाई गई। लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें खूब खरी-खोटी भी सुनाई।
दरअसल आज से उत्तराखंड में अट्ठारह से 44 साल तक के लोगों को वैक्सीन लगनी शुुुुरू हुई है। लेकिन ऋषिकेश के बने वैक्सीनेशन सेंटर में विधानसभा अध्यक्ष उद्घाटन करने पहुंच गए। जबकि लोग सुबह से ही अपना रजिस्ट्रेशन कराकर लाइन में लगे हुए थे। लोगो को 10:30 बजे तक भी वैक्सीन नहीं लगाई गई तो उनके सब्र का बांध टूट गया। गुस्साए लोगों ने मौके पर मौजूद प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी शुरू होते ही प्रेमचंद्र अग्रवाल वैक्सीनेशन सेंटर से निकल लिए। लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष को चुनाव में वोट ना देने की बात तक भी कह डाली।

वही प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी सफाई में कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा देहरादून में वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन करने के बाद ही अन्य जगहों पर वैक्सीन लगाने का काम शुरू किया जाना था। फिलहाल इस वैक्सीनेशन सेंटर पर सब लोग विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि कुछ दो-तीन लोग हैं जो लोगों को भड़का रहे हैं। उन्हें वह भली भांति जानते हैं।

