हरिद्वार – हरिद्वार प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज जनपद भ्रमण पर हरिद्वार पहुंचे। सतपाल महाराज ने कोरोना महामारी उपचार में प्रयोग आने वाली आक्सीजन आपूर्ति की स्थिति, जनपद में इसकी पर्याप्त उपलब्धता की जानकारी लेने के लिए भेल आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। सतपाल महाराज ने कार्यपालक निदेशक भेल संजय गुलाटी से मुलाकात की। और संकट के इस दौर में आगे बढ़कर सरकार के साथ सहभागिता निभाये जाने को लेकर आभार व्यक्त किया।

सतपाल महाराज ने निरीक्षण में आक्सीजन प्लांट की क्षमता को बढ़ाये जाने तथा अन्य प्रकार के गैस सिलेंडरों का प्रयोग आक्सीजन सप्लाई में विकल्प के तौर पर किये जाने की सम्भावना पर विचार-विमर्श किया। तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए किस प्रकार विकल्प तैयार कर जनता को राहत दी जा सकती है इस पर भी भेल अधिकारियों के सुझाव लिये।

सतपाल महाराज ने बताया कि भेल की फिलिंग क्षमता को दस हजार तक बढ़ाये जाने तथा इसके लिए नया आक्सीजन प्लांट स्थापित किये जाने के सम्बंध में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिख कर अनुरोध किया गया है। उन्होंने भेल द्वारा इस संकट के समय में कोरोना रोगियों को प्राण वायु की आपूर्ति किये जाने के कार्य की प्रशंसा की। कहा कि प्लांट में काम कर रहे प्रत्येक कार्मिक की सेवा सराहनीय है। सभी कार्मिक कोरोना के संकट के इस समय में अपनी नौकरी के रूप् में एक प्रकार से समाज सेवा कर रहे हैं।

महाराज ने कहा कि जिले की आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति कम नहीं होने दी जायेगी। आक्सीजन उत्पादन क्षमता को शीघ्र ही बढाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी कोरोनो से बचाव के नियम अपनाये, गाइल लाइन का पालन करें। थोड़ी भी परेशानी होने पर सतर्कता बरतें। इस अवसर पर आक्सीजन प्लांट के जीएम वीके रायजादा, जीएम एचआर आर.आर शर्मा भी उपस्थित रहे।

