मयूर सैनी की रिपोर्ट

हरिद्वार – कोरोना काल में उत्तराखंड पुलिस राज्य के लोगों के लिए देवदूत साबित हो रही है। उत्तराखंड के डीजीपी अशोक कुमार के द्वारा मिशन हौसला चलाया गया है। इस मिशन के तहत पुलिस कोरोना संक्रमित लोगों और उनके परिजनों की लगातार मदद कर रही है। मिशन हौसला के तहत हरिद्वार कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने भी मानवता की बड़ी मिसाल पेश की। अमरजीत सिंह ने देहरादून निवासी एक गर्भवती महिला को अपना प्लाज्मा डोनेट कर उसकी जान को बचाया।


अमरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि जनपद देहरादून के हर्रावाला निवासी सुखबीर सिंह की पत्नी प्रेग्नेंट है और कोरोना से पीड़ित भी है। महिला का दून हॉस्पिटल में इलाज चल ही रहा था कि अचानक उसकी तबियत खराब हो गयी। डॉक्टरों ने उसे तुरंत ओ पॉजिटिव प्लाज्मा थैरेपी देने की सलाह दी। तुरंत ही उनके द्वारा उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार से संपर्क किया गया। डीजीपी अशोक कुमार द्वारा तुरंत व्हाट्स्स्अप ग्रुप के माध्यम से सीओ सिटी अभय सिंह तक सूचना पहुँच गई। अभय सिंह ने तत्काल हरिद्वार एसओ अमरजीत सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही अमरजीत सिंह तत्काल दून हॉस्पिटल पहुँचे और महिला को अपना प्लाज्मा डोनेट किया। अमरजीत सिंह की इस पहल की हर तरफ सराहना की जा रही है। वही कोरोना से पीड़ित महिला के परिजनों द्वारा उत्तराखंड पुलिस का आभार व्यक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *