मयूर सैनी की रिपोर्ट
हरिद्वार – हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित दौलतपुर गांव में देर रात डकैती की सूचना से हड़कंप मच गया। बदमाशों ने गाँव के ही एक घर मे सभी लोगो को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर लाखों रुपए की डकैती कर डाली। डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। पुलिस ने इस मामले मे गोदाम में चौकीदारी करने वाले एक युवक क हिरासत में लिया है। मामले की छानबीन जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहादराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव में संदीप गिरी पुत्र बाबूगिरी अपने परिवार के साथ रहता है। संदीप ने बताया कि देर रात करीब 9 बदमाश उंसके घर में घुसे, जिसमें से 6 घर के अंदर और तीन छत पर पहरा देते रहे। बदमाशों ने घर के सदस्यों को तमंचे के बल पर बंधक बनाने के साथ ही पहले खाना मांगा और खाना खाने के बाद घर का सारा सामान खंगाला। विरोध करने पर सन्दीप के पुत्र अमन के साथ मारपीट भी की गई। पीड़ित की माने तो लाखों के जेवरात और लगभग अस्सी हजार की नकदी लेकर सुबह करीब 4 बजे बदमाश घर से भागे। पीड़ित ने शोर मचाया और आसपास एकत्र हुए ग्रामीणों की मदद से सूचना पुलिस को दी गई। वहीं सूचना पाकर पुलिस के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की और आसपास कॉम्बिंग भी की लेकिन बदमाशों का कुछ पता नही चल पाया। वहीं घर के परिजनों से बदमाशों का हुलिया, बोलचाल और अन्य पहचान की बाबत पुलिस ने जानकारी जुटाई है।
वहीं इस सम्बंध में हरिद्वार एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस का कहना है कि घर मे 6 बदमाशों के घुसने की सूचना है, घर के बराबर में कबाड़ी का गोदाम है, जिसमें काम करने वाले एक चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वही अन्य एंगलो पर पुलिस जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।

