मयूर सैनी की रिपोर्ट
लक्सर (हरिद्वार) – लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव फतवा में अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना पर छापेमारी करने गई आबकारी विभाग की टीम युवकों ने हमला कर दिया। इसमें आबकारी पुलिस कर्मी घायल हो गए और उनकी वर्दी व कपड़े भी फाड़ दिए गए। हमले की सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी भीकमपुर मनोज नौटियाल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे। आबकारी की टीम ने मौके से देशी शराब की 205 बोतल बरामद की हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में आबकारी विभाग के निरीक्षक शिवप्रसाद व्यास ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि गांव फतवा में धन सिंह के मकान में अवैध रूप से भारी मात्रा में उत्तर प्रदेश मार्का देशी शराब रखी हैं। इस पर आबकारी विभाग की टीम अन्य पुलिस कर्मियों के साथ बृहस्पतिवार शाम लगभग 4 बजे धन सिंह के घर पहुंचे। मकान के गेट से झांक कर देखा तो मकान में शराब की पेटियां रखी थीं। इस पर उन्होंने मकान को खुलवाकर शराब की पेटियों को जब्त कर लिया।
इसके बाद टीम ने साथ लगते राजू के मकान में जांच की तो वहां से भी मिली शराब की अवैध पेटियों को जब्त कर लिया। जब आबकारी विभाग निरीक्षक शिव प्रसाद व्यास अपने सहकर्मियों के साथ शराब पकड़ने के बाद की प्रक्रिया के तहत लिखा पढ़ी कर रहे थे इस दौरान आरोपी पत्नी और बेटे के साथ आ गया।
सभी के हाथों में डंडे थे और उन्होंने उनकी टीम पर हमला बोल दिया। जिसमें आबकारी पुलिस कर्मचारी दिनेश रावत घायल हो गया। इसी दौरान आबकारी निरीक्षक पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने आबकारी पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ डाली। इसके बाद आस-पास के लोग इकट्ठे हो गए सभी हमलावर फरार होने ही वाले थे कि भीकमपुर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज नौटियाल व कांस्टेबल तरसेम आदि ने हमलावरों में धन सिंह व उसकी पत्नी संगीता को धर दबोचा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने निरीक्षक शिव प्रसाद व्यास की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

