हरिद्वार – आम आदमी पार्टी के दिल्ली के विधायक व केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार ने उत्तराखण्ड सरकार पर कुम्भ की नाकामी का आरोप लगाया है। प्रवीण कुमार ने कहा कि कुंभ निर्माण कार्य अभी तक पूरे ना होना सरकार की नाकामियों को दर्शा रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ पर्व शुरू हो चुका है। लेकिन भाजपा सरकार अभी तक निर्माण कार्य करा रही है। निर्माण कार्यो में जमकर बंदरबांट की जा रही है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सरकार की नीतियों व नाकामियों पर सवाल उठाने वालों का उत्पीड़न किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में हरिद्वार आए आप के केंद्रीय पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार ने बहादराबाद स्थित कैंप कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान कहा कि दो दिन से कुंभ निर्माण कार्यो के देखने के बाद सामने आया है कि अधिकांश निर्माण अब भी आधे अधूरे हैं। कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सक्रियता व लोकप्रियता भाजपा की बेचैनी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में आम आदमी पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रही है। विधानसभा चुनाव के बाद निश्चित तौर पर पार्टी उत्तराखण्ड में सरकार बनाने जा रही है।

प्रवीण कुमार ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बदलने से प्रदेश की स्थिति ठीक नहीं होने वाली है। प्रदेश में जनसमस्याओं के अंबार लगे हुए हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहे हैं। रोजगार की तलाश में उत्तराखण्ड से युवाओं का पलायन जारी है। प्रदेश की भाजपा सरकार का चार साल का कार्यकाल जनता के लिए पूरी तरह निराशाजनक सिद्ध हुआ है। प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। टेंडर प्रक्रिया के नियमों में बदलाव से सरकार की मंशा साफ तौर पर जाहिर हो रही है।

प्रदेश सह सचिव मनोज द्विवेदी व प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत प्रदेश की हालत पर गौर फरमाएं। युवतियों के पहनावे पर टीका टिप्पणी करना उन्हें शोभा नहीं देता है। प्रदेश में समस्याओं के अंबार लगे हुए है। सीएम को किसी के पहनावे पर ध्यान देने के बजाए समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से आम जनता त्रस्त आ चुकी है। विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को घुटनों पर ला देगी।
मनोज द्विवेदी ने कहा कि कुंभ निर्माण कार्यो में जमकर बंदरबांट की जा रही है। भारतीय संस्कृति व सनातन परंपरांओं के केंद्र बिन्दु कुंभ मेले की व्यवस्थाओं को भी सरकार ठीक रूप से संचालित नहीं कर पा रही है। सरकार की नाकामियां साफ तौर पर नजर आ रही हैं। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश वासियों को सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी। इस अवसर पर हेमा भण्डारी, अनिल सती, नवीन मारिया, नवीन कौशिक आदि आप कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *