हरिद्वार – डीपीएस दौलतपुर में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए “वार्षिक परीक्षा परिणाम एवं पुरस्कार वितरण समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा उनमें उत्कृष्टता की भावना को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों-डॉ० रविन्द्र कुमार सैनी (प्रोफेसर एवं डीन, हरिद्वार यूनिवर्सिटी, रुड़की), संचित सचदेवा (काउंसलर, MIT पुणे), डॉ० कुसुमलता एवं रजनी कुमारी-के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जो ज्ञान, प्रकाश और सकारात्मकता का प्रतीक है।
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें अधिकतम सहभागिता, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन, व्यवहार में सुधार, कक्षा मॉनिटर, पोजीशन होल्डर्स, शिक्षक प्रशंसा, विषय टॉपर एवं स्कॉलर जैसे पुरस्कार शामिल रहे। विशेष रूप से कक्षा 6 के जयवर्धन सिंह चौहान, कक्षा 7 की शाश्वती अरुश्रिका, कक्षा 8 की संचिता गुप्ता तथा कक्षा 9 की गौरवी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन विकास गोयल ने विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव जी ने सभी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में और अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। एकल एवं समूह नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और वातावरण को उत्साह एवं आनंद से भर दिया।
अंत में मुख्य अतिथियों एवं प्रधानाचार्या ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों की सराहना करते हुए उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *