करनाल (हरियाणा) – पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत करनाल में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर कांग्रेस पार्टी पर साधा निशाना, अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस द्वारा फ़्रॉड फॉर्म भरवाकर हरियाणा की जनता को ठगने के मंसूबे पालने की बात कही है। अनुराग सिंह ठाकुर ने बड़ागाँव व रामनगर में विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ महामक्कार कांग्रेस चुनावी राज्यों में जनता से झूठे फॉर्म भरवाती है, सत्ता मिलने पर वो फॉर्म कूड़ेदान और सड़कों पर पड़े मिलते हैं। जनता ख़ुद को लुटी-पिटी पाती है और राहुल गांधी फ़ॉरेन चले जाते हैं। हिमाचल, कर्नाटक, तेलंगाना में कांग्रेस फ़्रॉड फॉर्म से जनता को ठग कर अब हरियाणा में लूट की तैयारी में है, लेकिन यहाँ ना इन्हें सत्ता मिलेगी ना ही मिलेगी माफ़ी। कांग्रेस के नेता खुलेआम कहते घूम रहे कि पहले अपना घर भरेंगे, फिर रिश्तेदारों का। इन्होंने हिमाचल की तरह हरियाणा को लूटने की पूरी तैयारी कर ली है। हिमाचल में कांग्रेस कि सरकार बने 16 महीने बीत गए हैं लेकिन हिमाचल की माताएं बहनें अभी भी अपने ₹1500 प्रति महीने का इंतजार कर रही हैं। हिमाचल के किसान अभी तक दो रुपए प्रति किलो गोबर और ₹100 प्रति लीटर दूध खरीदे जाने का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के युवा अपनी 5 लाख नौकरियां का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल के परिवार 300 यूनिट फ्री बिजली का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन कोई भी गारंटी आज तक पूरी नहीं हुई है क्योंकि कांग्रेस के लोग सिर्फ खुद के लिए ऐशो आराम बढ़ाने में लगे हैं। भेदभाव और वादाख़िलाफ़ी ही कांग्रेस का असली चाल, चरित्र और चेहरा है”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ हरियाणा में कांग्रेस ने अपने शासन काल में लूट और भ्रष्टाचार को चरम पहुँचा दिया था। इनकी सरकार में पूरे हरियाणा में दलाल और दामाद का बोलबाला था। दबंगों द्वारा किसानों की ज़मीन हड़पना, अवैध कब्जा करना आम बात हो गई थी। भाजपा आई और हरियाणा को इस अभिशाप से मुक्ति दी, मगर कांग्रेस अब फिर से प्रदेश में वही जंगलराज वापस लाने के सपने देख रही है। हरियाणा की जनता कांग्रेस के इन मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी और फिर से एक बार भाजपा सरकार बना कर कांग्रेस को विपक्ष में बैठायेगी”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि “मोदी सरकार ने देश की रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए ठोस कदम उठाए और राफेल और तेजस बनाए, और सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन नीति लागू की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी अपने परिवार के बजाय सैनिकों के साथ दिवाली मनाते हैं। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने चीन से राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर करोड़ों रुपये लिए, क्या इसलिए वे हमारे सैनिकों के साथ खड़े होने के बजाय चीनी अधिकारियों के साथ खड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में हजारों एकड़ जमीन चीन को दी गई और हमारे भारत का हिस्सा चीन में चला गया, लेकिन जब से मोदी आए हैं, चीन हमारी एक इंच जमीन भी नहीं ले सका”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ राहुल गांधी हर रोज झूठ बोलते हैं, कहते हैं कि हम MSP पर कानून लाएंगे। 10 साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन गेंहू और धान के अलावा किसी और फसल को कांग्रेस MSP पर नहीं ख़रीदती थी। कांग्रेसी नेता बतायें आपका एक भी राज्य ऐसा है, जो 24 फसलों को MSP पर खरीदता है? भाजपा सरकार ने हरियाणा में 24 फसलों को MSP पर खरीदने का निर्णय लिया है। हुड्डा सरकार में किसानों को 2 रुपए का मुआवजा दिया जाता था। किसानों को अपमानित किया जाता था”

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा “ 5 अक्तूबर के बाद जब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी तो हम प्रदेश की सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह ₹2,100, प्रति शहर 50,000 स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के लिए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन, चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक परिवार को ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज एवं परिवार के 70 वर्ष से अधिक प्रत्येक बुजुर्ग को अलग से ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा, 24 फसलों की घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद, 2 लाख युवाओं को ‘बिना पर्ची बिना ख़र्ची’ पक्की सरकारी नौकरी, हर घर गृहणी योजना तहत ₹500 में सिलेंडर, हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी, छोटी पिछड़े समाज की जातियों (36 बिरादरियों) के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग-अलग कल्याण बोर्ड जैसी कई सुविधाएँ देने जा रही है”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *