हरिद्वार, 06 अप्रैल – कांग्रेस पार्टी में लगभग 3 दशकों से काम कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता साधुराम चौहान ने समर्थकों के साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी की सदस्यता ली। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ पार्टी के कई पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि लगातार जनाधार खो रही कांग्रेस पार्टी केवल तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को हर बूथ पर समेटने या सूपड़ा साफ करने का लक्ष्य पूरा करना है।
सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया। हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ माने जाने वाले नेताओं को भाजपा ज्वाइन कराने में विशेष भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में कांग्रेस छोड़कर बड़ी तादात में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, कुंदन परिहार के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ली है।
भाजपा की सदस्यता लेने के बाद साधुराम चौहान ने कहा कि उन्होंने परिवार के साथ 35 सालों तक कांग्रेस का झंडा उठाया और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के परिवारवाद का भी साथ दिया, लेकिन जनता के लिए कोई विकास कार्य न होने से वे आहत थे। स्थानीय विधायक अनुपमा रावत जनता के उम्मीदों पर खड़ी नहीं उतरी हैं, विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया, चार साल बाद एक भी उपलब्धि बताने को नहीं है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के बैनर तले पार्टी की विचारधारा और क्षेत्र में बिना विधायक के भी स्वामी यतीश्वरानंद के द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने सभी नेताओं का पार्टी में आने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कभी व्यक्ति विशेष के बजाय हर वर्ग के लिए समुचित जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर उनका लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाने का काम किया।
भाजपा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व चेयरमैन साधुराम चौहान के साथ उनकी पुत्रवधु पूर्व जिला पंचायत सदस्य सोनी चौहान, अजय प्रताप के साथ वरिष्ठ नेता जगत सिंह चौहान, मलखान सिंह चौहान, सचिन चौहान, मदन सिंह, रकम सिंह, संजय कुमार, महीपाल चौहान, मेनपाल, रोहित, उत्तम चौहान, सचिन, कोशिन्द्र, मेघराज चौहान, दिनेश चौहान, सुरेश कुमार, महक सिंह, जगदीश, राजपाल, धीरज सिंह, शेखर चौहान, अमर सिंह, अर्जुन, अमरीष चौहान, प्रेम सिंह, महेंद्र, सोनू, इंद्रपाल चौहान, राजू आदि कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

