हरिद्वार – हरिद्वार में होने वाले महाकुंभ में पर्यावरण समिति पर्यावरण का विशेष धयान रखेगी। कुम्भ मेला प्रशासन मेले में स्वच्छता का खास ध्यान रख रहा है तो वही साधु संत भी पर्यावरण सरंक्षण के लिए मुहिम चलाने जा रहे है। इसके लिए पर्यावरण समिति द्वारा पॉलीथीन मुक्त कुम्भ अभियान का हर की पौड़ी स्थित ब्रह्मकुंड से शंखनाद किया गया। इस मौके पर सन्तो द्वारा अपने हाथ में गंगाजल लेकर प्रतिज्ञा ली गई कि वो पॉलिथीन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करेंगे और कुंभ में आने वाले अपने भक्तों से भी पॉलिथीन का प्रयोग ना करने की अपील करेंगे।


कुम्भ मेले के लिए बनाई गई पर्यावरण समिति संयोजक प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महंत रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने बताया कि इस बार कुंभ को पॉलिथीन मुक्त और पर्यावरण युक्त कुंभ मनाएंगे। इसके लिए श्रद्धालुओं से अपील की जाएगी कि वो सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बिल्कुल भी इस्तेमाल न करें। सारे साधु संत अपने भक्तों से कहेंगे कि कुंभ मेले में अपना थैला अपने साथ लेकर आए और जहां पर भी पॉलिथीन दिखती है, उसको उठाकर पानी की खाली बोतल में भरकर इको ब्रिक बनाएं। ये इको ब्रिक रखने के लिए उनके द्वारा एक स्थान तय किया जाएगा। श्रद्धालु इस ब्रिक को उस स्थान पर जमा करेेंगे या फिर अपने साथ घर भी ले जा सकते है।


वही पर्यावरण संरक्षण समिति के महामंत्री पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि पावन हर की पौड़ी से साधु संतों द्वारा ये पर्यावरण संरक्षण का जो आह्वान किया गया है इसका देश ही नही पूरी दुनिया मे एक बड़ा संदेश जाएगा। उन्हें विश्वास है कि पहले वो कुम्भ मेले को पॉलीथीन मुक्त करेंगे उसके बाद देश और दुनिया मे भी इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखना हर आमजन की जिम्मेदारी है और हम सभी को ये जिम्मेदारी समझनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *