हरिद्वार, 27 मार्च – हरिद्वार में कुंभ मेले के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्यों से कई जगहों पर ट्रैफिक की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। मेला प्रशासन के प्रस्ताव पर खड़खड़ी और श्रीयंत्र टापू के पास सरकार ने 2 नए पुल बनाने की मंजूरी दी है।
बरसात के दिनों में खड़खड़ी श्मशान घाट के पास सूखी नदी में पानी आ जाने से हर साल काफी नुकसान होता है। इसलिए नदी के रपटे पर एक पुल और कनखल क्षेत्र में श्रीयंत्र टापू पर बने पुल पर ट्रैफिक की आवाजाही सुगम करने के लिए इस पुल के बगल में दूसरा पुल स्वीकृत हुआ है।
मेलाधिकारी ने जानकारी दी की दोनों पुलों की अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपए है। जल्द निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा।

