लक्सर (हरिद्वार) – खानपुर थाना क्षेत्र स्थित करणपुर-रोहलकी मार्ग पर गन्ने के खेत मे आग लगने से हड़कंप मच गया। गन्ने के खेत के आसपास सैकड़ों बीघा गेहूं के खेत भी थे लेकिन इसी मार्ग पर गस्त कर रहे दो पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से किसानों का बड़ा नुकसान होने से टल गया। आग बुझाते इन पुलिसकर्मियों का सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसे देखकर हर तरफ उनकी प्रशंसा की जा रही है।
खानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम करणपुर – रोहालकी मार्ग पर अचानक एक किसान के गन्ने के खेत मे आग लग गई। खेत के आसपास सैकड़ो बीघा गेहूँ की फसल के खेत थे। उसी दौरान वहां पर गस्त कर रहे उप निरीक्षक आशीष शर्मा व सिपाही राजन गिरी की नजर आग लगे खेत पर पड़ी। आनन फानन में ड्यूटी निभाते हुए दोनो पुलिसकर्मियों ने तत्काल मौके पर आग बुझाना शुरू कर दिया। आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने के लिए उन्होंने शोर मचाया और आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों को इकट्ठा कर लिया। मौके पर इकट्ठा हुए किसानों की मदद से घंटो बाद गन्ने के खेत में लग रही आग को बुझाया गया। इस खेत के आसपास चारो ओर सैकड़ों बीघे गेहूं की फसल तैयार खड़ी थी जिसे वक्त रहते बचा लिया गया और एक बड़ी घटना टल गई। दोनो पुलिसकर्मियों के इस प्रयास का वीडियो भी वायरल हो गया जिसे देखकर हर तरफ उनकी सराहना की जा रही है।

