हरिद्वार – आईजी संजय गुंज्याल ने मानवता की बड़ी मिसाल पेश की है। संजय गुंज्याल ने हर की पौड़ी समेत कई स्थानों पर भीख मांगने वाले 16 लोगों की जिंदगी पूरी तरह से बदल दी है। संजय गुंज्याल ने उनको भीख मांगने का छुड़वा कर समाज की मुख्यधारा में ले आए हैं। आज ये लोग न सिर्फ पुलिस के लिए काम कर रहे है बल्कि उन्हें इसके बदले अच्छा वेतन भी मिल रहा है।
गौरतलब है कि अभी तक आपने पुलिस का एक चेहरा ही देखा है कि पुलिस अपराधी को पकड़ती है और जेल में डाल देती है। लेकिन हरिद्वार महाकुंभ मेले में एक अधिकारी ने पुलिस के इस नजरिए को बदल कर ही रख दिया। आईजी संजय गुंज्याल ने एक मुहिम चलाई। धर्मनगरी हरिद्वार में जितने भी भिकारी हैं उन्हें जेल में न डालकर उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें काम दिलाया जाए। इसके लिए संजय गुंज्याल ने एक टीम बनाई और भिखारियों को चिन्हित करने का काम शुरू किया। पुलिस को इस काम में काफी दिन लगे लेकिन उन्हें ऐसे 16 लोग मिल गए जो समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते थे। उनके इस काम के लिए संजय गुंज्याल मसीहा साबित हुए। इनके बाल काटने से लेकर कपड़े पहनने तक पूरा हुलिया बदल दिया गया। इन सबका कोरोना टेस्ट भी कराया गया है।
पुलिस ने इन सभी लोगों को एक विशेष ट्रेनिंग दी और आज यह सभी लोग कुंभ मेला पुलिस के विभिन्न थानों में खाना बनाने से लेकर साफ सफाई का काम कर रहे हैं। पुलिस इनसे काम मुफ्त में नहीं करवा रही है बल्कि इसके लिए इन्हें ₹ 10400 वेतन भी दिया जा रहा है।
10400 रुपये वेतन लेते हुए इन्हें तीन महीने हो गए है। आज इनके हाथों का खाना खाकर पुलिसकर्मियों में भी उत्साह है। शनिवार को इन सभी लोगो का सम्मान भी मेला पुलिस द्वारा किया गया।
इतना ही नहीं आईजी संजय गुंज्याल ने कुंभ मेले के बाद भी इनके इसी तरह से काम करने की व्यवस्था कर दी है। इसके लिए उन्होंने सिडकुल की कंपनियों से संपर्क किया है जिन्होंने यह आश्वासन दिया है कि कुंभ मेले के बाद सिडकुल की विभिन्न कंपनियों में इन्हें नौकरी दी जाएगी और समाज की मुख्यधारा में इस तरह से इनका काम चलता रहेगा।
आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि आज ये सब लोग अच्छा पैसा कमा रहे हैं। इन सभी के पास अपना पहचान पत्र है। सभी के पास अकाउंट नंबर है और यह लोग पैसा कमा कर अपने घर भी पहुंचा रहे हैं। किसी के गौरवपूर्ण जीवन के लिए छोटी से सहायता करना भी बड़ा काम है और वो इन लोगो के आभारी है। संजय गुंज्याल ने इस काम को अंजाम देने वाली टीम की सराहना की।

