देहरादून – कांग्रेस प्रदेश में अपनी खोई ज़मीन तलाशने की हर संभव कोशिश में जुटी है, प्रदेश के मुख्यमंत्री के बदलने का निर्णय हो या मुख्यमंत्री तीरथ की बयान बाज़ी कांग्रेस इन मुददों को लेकर बीजेपी पर हमलावर है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी को प्रदेश की जनता ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का अवसर दिया था। लेकिन बीजेपी ने पिछले 4 सालों में प्रदेश की जन भावना का बिल्कुल धयान नहीं रखा है, बेरोज़गारी, महंगाई, भ्रष्टाचार से आम लोग परेशान हैं लेकिन सत्ता में बैठी बीजेपी मुख्यमंत्री बदलने और बेतुका बयान बाज़ी करने में लगी है। मुख्यमंत्री के बाद कांग्रेस अब नवनियुक्त बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कार्य शैली पर सवाल उठा रही है। अपने तीन दिवसीय दौरे के पहले दिन ही मदन कौशिक विवादों से घिर गए है, दअरसल प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कार्यकर्ताओं से मिलने के लिये सरकारी हेलीकॉप्टर के प्रयोग और गार्ड ऑफ ऑनर लेने पर कांग्रेस ने उनको आड़े हांथों लिया है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने आरोप लगाया कि मदन कौशिक अपनी ताकत का दुरुपयोग कर रहे हैं। बागेश्वर दौरे के दौरान मदन कौशिक ने संविधान और नियम कानूनों की धज्जियां उड़ाई है, मदन कौशिक बागेश्वर ना सिर्फ सरकारी हैलीकाॅप्टर का इस्तेमाल करके पहुँचे बल्कि वहां पुलिस प्रशासन ने उन्हें गार्ड आफ आनर भी दिया। कांग्रेस का कहना है कि मदन कौशिक पूर्व में कैबिनेट मंत्री के साथ शासकीय प्रवक्ता भी रहे हैं लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि खुद को ज्ञान का भण्डार समझने वाले कौशिक या तो अपने आप को संविधान से भी उपर समझने लगे हैं।
