नई दिल्ली – कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संगठन में अहम संगठनात्मक बदलाव किया है। हाल ही में पार्टी को तीन अहम राज्यों में हार का सामना करना पड़ा था। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी, जहां उनको हार का सामना करना पड़ा है, जबकि मध्य प्रदेश में तमाम अटकलों के बावजूद बीजेपी फिर से सत्ता में वापसी करने में कामयाब रही है। 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। प्रियंका गांधी वाड्रा को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी से मुक्त करते हुए उनकी जगह अविनाश पांडेय यूपी के नए प्रभारी महासचिव बनाए गए हैं। हालाकि प्रियंका गांधी पार्टी महासचिव बनी रहेंगी। वहीं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पार्टी का महासचिव बनाकर छत्तीसगढ़ की ज़िमेदारी दी गई है।

पार्टी के वरिष्ठ महासचिव मुकुल वासनिक को गुजरात, जितेंद्र सिंह को असम के साथ मध्य प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार, रणदीप सुरजेवाला को कर्नाटक, कुमारी सैलजा उत्तराखंड, दीपा दासमुंशी केरल, लक्षद्वीप के साथ तेलंगाना का अतिरिक्त प्रभार, गुलाम अहमद मीर को झारखंड और बंगाल का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। दीपक बाबरिया को दिल्ली और हरियाणा की जिम्मेदारी भी उनके पास है।

