हरिद्वार – हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र स्थित सर्विस रोड़ पर हुई पप्पन नाम के व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट के दौरान सिर में डंडे से वार कर पप्पन की हत्या को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने हत्या में शामिल सहारनपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपी में एक का नाम गुरमीत और दूसरे का नाम नवीन है। दोनो आरोपी बद्रीशपुराम कॉलोनी में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी का काम करते है। दोनो आरोपियों ने मकान का किराया चुकाने के लिए स्कूटी लूट का इरादा बनाया ताकि उसे बेचकर मकान का किराया चुका सके।
मामले का खुलासा करते हुए हुए हरिद्वार एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस ने बताया कि 22 फरवरी की रात को हाईवे पर पप्पन नाम का व्यक्ति स्कूटी से अपने घर की तरफ जा रहा था। मोबाइल पर आई कॉल रिसीव करने लिए जैसे ही उसने स्कूटी हाईवे के किनारे रोकी तभी पीछे से नवीन और गुरमीत ने डंडे से उसके सिर पर कई वार कर स्कूटी लूटकर फरार हो गए। सिर में डंडा लगने से पप्पन लहुलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। सोमवार को दोनों आरोपी इसी लूट की स्कूटी से घूम रहे थे। पुलिस ने चेकिंग के दौरान पथरी पावर हाउस से दोनो को पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में दोनो ने हत्या की बात कबूल कर ली है। वही उन्होंने बताया कि दोनो आरोपियों तक पहुँचने में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से बड़ी मदद मिली है। इनकी निशानदेही पर हत्या में शामिल डंडे को बरामद कर लिया गया है। वही हरिद्वार एसएसपी ने हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा भी की।

