लक्सर (हरिद्वार) – हरिद्वार जिले समेत पूरे प्रदेश में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। लक्सर में बनाये गए कोविड कन्ट्रोल सेन्टर में भी तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव आये है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कोरोना होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। कंट्रोल रूम के आसपास बड़े स्तर पर सेनिटाइजेशन कराया गया। बिगड़ते हालात को देखकर बड़े स्तर पर अन्य क्षेत्रों में सेनिटाइजेशन कराया जा रहा है। लक्सर नगर पालिका के जिम्मे ही सेनिटाइजेशन का काम है। रविवार को वीकेंड कोविड कर्फ्यू के चलते नगर पालिका के कर्मचारियों ने सफाई अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी गौहर हयात के निर्देश पर नगर के मेन बाजार, लोको बाजार, हरिद्वार रोड, बालावाली चौक, लक्सर सीएचसी, लक्सर कोतवाली समेत आदि कई क्षेत्रों में वायरस को खत्म करने वाली दवा का छिड़काव किया गया। लक्सर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौहर हयात ने बताया कि शासन के निर्देश पर नगर में सफाई अभियान चलाने के बाद सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। आगे भी शहर में सफाई अभियान चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के साथ ही हरिद्वार जिले में भी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण फैल रहा है। सरकार ने भी 28 अप्रैल तक सरकारी कार्यालयों को बंद करने के साथ ही सेनिटाइजेशन का आदेश दिया है।

