हरिद्वार – कुंभ 2021 को लेकर अखाड़ों में तैयारियां अपने अंतिम चरणों पर हैं। सभी अखाड़ों की धर्मध्वजा की तारीख नजदीक आ रही है। जिसके लिए अखाड़े के रमता पंच अखाड़ों में पहुंच रहे हैं। इसी बीच हरिद्वार में निरंजनी अखाड़े के रमता पंच भी 25 तारीख को अखाड़े में पहुंचेंगे जिसकी तैयारियों को लेकर निरंजनी अखाड़े के सचिव रविन्द्र पूरी ने आज एसएमजेएन पीजी कॉलेज में लगने वाली छावनी का निरीक्षण किया। निरंजनी अखाड़े की छावनी का निरीक्षण करते हुए अखाड़े के सचिव रवींद्र पुरी ने बताया कि आगामी 25 फरवरी को अखाड़े के रमता पंच अपनी छावनी में पहुंचेंगे जिसके बाद 03 मार्च को छावनी से धूमधाम से पेशवाई निकलेगी। इस पेशवाई में अखाड़े के हज़ारों नागा सन्यासी और 50 से ज्यादा महामंडलेश्वर शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि पेशवाई की भव्यता को बढ़ाते हुए हेलीकाप्टर और ड्रोन से पेशवाई पर पुष्पवर्षा की जाएगी।

