हरिद्वार – लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने उत्तराखण्ड प्रवास के दौरान रविवार सायं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुुंचे। यहाँ उन्होंने अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुखद्वय श्रद्धेय डॉ प्रणव पण्ड्या एवं श्रद्धेया शैलदीदी से भेंटकर आशीष लिया।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला विगत कई वर्षों से शांतिकुंज को जानने के लिए गायत्री तीर्थ के आफीसियल यूट्यूब चैनल-शांतिकुंज वीडियो को देखते हैं। उनका मानना है कि शांतिकुंज सच्चे अर्थों में परिवार, समाज व राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है। डॉ. पण्ड्या के नेतृत्व में जिस तरह गायत्री परिवार देश-विदेश के समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक कार्यक्रम चला रहा है, इससे सभी का भविष्य उज्ज्वल होता दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा अध्यक्ष शांतिकुंज के तत्त्वावधान में संचालित हवन, गोष्ठियों सहित कई कार्यक्रमों में भागीदारी कर चुके हैं।
इस अवसर पर डॉ पण्ड्या ने कहा कि परिवार के सदस्यों को अपने बीच पाकर मन प्रसन्न होता है। जब भी मन को शांति की आवश्कता हो, तो आप सब यहाँ निःसंकोच आ जाइयेगा। शैलदीदी ने ओम बिरला की धर्मपत्नी से कहा कि शांतिकुंज को भी आप अपना मायका की तरह ही समझे। गायत्री परिवार प्रमुखद्वय डॉ. पण्ड्या एवं शैलदीदी ने शांतिकुंज पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला, उनकी धर्मपत्नी डॉ अमिता बिडला, दोनों पुत्रियाँ- आकांक्षा एवं अंजलि बिरला-आईएएस को युगऋषि द्वारा रचित साहित्य एवं उपवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।
इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष अपने परिवार सहित देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या से भेंटकर युवाओं को गढ़ने के लिए संकल्पित देसंविवि द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों से अवगत हो प्रसन्नता व्यक्त की।

