हरिद्वार – 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार का कैबिनेट विस्तार किया गया। कैबिनेट में हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक, रुड़की से विधायक प्रदीप बत्रा, भीमताल से विधायक राम सिंह कैडा, राजपुर से विधायक खजान दास और रुद्रप्रयाग से विधायक भरत चौधरी को शामिल किया गया है। कैबिनेट में मदन कौशिक की दोबारा वापसी हुई है, 2022 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बावजूद मदन कौशिक को कैबिनेट में शामिल नहीं किया था, अब चुनाव में एक वर्ष से भी कम का समय रह गया है, और अब मदन कौशिक को फिर से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। मदन कौशिक ने कैबिनेट में अपनी जगह बना कर यह साबित कर दिया कि उत्तराखंड की राजनीति में अभी मदन युग समाप्त नहीं हुआ है।

मदन कौशिक का उत्तराखंड की राजनीति में लंबा राजनीतिक अनुभव है, लंबे समय से मदन कौशिक उत्तराखंड की राजनीति में एक मजबूत नेता के तौर पर स्थापित हैं। हरिद्वार विधानसभा से विभिन्न परिस्थितियों में लगातार पांच बार जीत दर्ज कर उन्होंने जनता में अपनी लोकप्रियता और अपनी बेहतर चुनावी प्रबंधन भी साबित किया है। मदन कौशिक की संगठन की बेहतर समझ और चुनावी प्रबंधन की क्षमता ही थी कि पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। 2022 विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद मदन कौशिक को कैबिनेट से बाहर रखने का फैसला पार्टी के अंदर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा था। वहीं पार्टी के कई बड़े नेताओं का मानना है कि मदन कौशिक को फ्रंट राजनीति में लाने के फैसले से आगामी चुनाव में इसका लाभ पार्टी को होगा। मदन कौशिक को पुनः कैबिनेट में आने की वजह जो भी हो, लेकिन पार्टी ने अपने पुराने भरोसेमंद चेहरे के साथ कुछ नए चेहरों को मौका देकर सरकार और संगठन में नई ऊर्जा देने का काम किया है।

धामी कैबिनेट के विस्तार में समीकरण का विशेष ध्यान रखा गया है। हरिद्वार और कई मैदानी क्षेत्रों में पार्टी को और मजबूत करने में मदन कोशिश का अनुभव काम आएगा। मदन कौशिक की कैबिनेट में वापसी से भाजपा के कई नेता और उनके समर्थकों में खुशी की लहर है तो वहीं उनके विरोधी गुट को इससे गहरा झटका लगा है। लेकिन पार्टी के नेता और राजनीतिक विश्लेषक इस फैसले को न केवल संगठनात्मक संतुलन का संकेत मानते हैं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को एकजुटता के साथ चुनाव में उतरने की तैयारी के रूप में देख रहे हैं। मदन कौशिक की अपने क्षेत्र में सक्रियता पार्टी और संगठन को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *