ब्यूरो रिपोर्ट नैनीताल
हल्द्वानी (नैनीताल) – नैनीताल विधायक संजीव आर्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग एवं वैक्सीनेशन सेंटर कोटाबाग (राजकीय इंटर कालेज कोटाबाग) का निरीक्षण किया तथा कोटाबाग विकासखंड के पर्वतीय क्षेत्र में कोविड-19 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा भी की।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान द्वारा विधायक संजीव आर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आवश्यकताओं को लेकर प्रस्ताव भी दिया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विधायक द्वारा इमरजेंसी एवं आइसोलेशन वार्ड हेतु 2-2 बेड, 2 नग नेबुलाइजर मशीन, 1 नग डिलीवरी टेबल, कोविड-19 के दृष्टिगत एन 95 मास्क, ग्लब्ज, सैनिटाइजर, ब्लीचिंग पाउडर एवं थर्मल स्कैनिंग मशीन विधायक निधि से देने की घोषणा की गई।
विधायक संजीव आर्य द्वारा वैक्सीनेशन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। विधायक ने वैक्सीनेशन केंद्र में लोगों की मदद हेतु, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कोटाबाग द्वारा लगाई गई हेल्प डेस्क के प्रयास की भी सराहना की। साथ ही हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध कराने वाले सभी एबीवीपी कार्यकर्ताओं को एन 95 मास्क, फेस शील्ड, सैनिटाइजर एवं अन्य जरूरी सामान इत्यादि भी उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की। वही भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पर्वतीय क्षेत्र में भी वैक्सीनेशन केंद्र की मांग विधायक संजीव आर्य के सामने रखी गई। जिस पर विधायक संजीव आर्य ने तत्काल जिलाधिकारी धीरज गर्ब्याल से बात की, और शीघ्र ही पर्वतीय क्षेत्र के ग्राम सभा बाघनी में एक अन्य वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि कृपाल बिष्ट सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

