हरिद्वार – केंद्र द्वारा बनाए गए नए हिट एंड रन कानून के विरोध में रोडवेज और प्राइवेट वाहन चालकों ने विरोध जताते हुए बसों और गाड़ियों का संचालन ठप कर दिया है। हरिद्वार में भी हड़ताल का खासा असर देखने को मिला। ऑटो, टैक्सी और यहां तक की प्राइवेट और सरकारी बसों के पहिए भी जाम रहे।

नये साल पर हरिद्वार और उत्तराखंड पहुंचे हजारों यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिनभर यात्रियों को बस स्टैंड पर घंटो इंतजार करना पड़ा। कोई सवारी न मिलने के कारण सड़कों पर यात्री पैदल ही आवाजाही करते दिखाई दिए। यात्रियों ने हड़ताल को लेकर खास नाराजगी जाहिर की।

वही ट्रांसपोर्ट महासंघ के अध्यक्ष संजय शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कानून को गलत बताया और सरकार से एक बार फिर से इस कानून पर पुनर्विचार करने की मांग की। वही चालकों का कहा है कि वाहन सड़क पर चलेगा तो हादसे होते हैं, कोई भी चालक जानबूझकर दुर्घटना नहीं करता है। नए कानून में दुर्घटना करने पर चालक को 10 साल कैद व 5 लाख जुर्माने का कानून बना दिया गया है जो कि सरासर गलत है।