हरिद्वार – तीरथ मंत्रिमंडल में दोबारा कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने वाले अरविंद पांडे शनिवार को हरिद्वार दौरे पर रहे। हरिद्वार पहुंचे अरविंद पांडे ने कई साधु संतों से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। दक्षिण कालीपीठ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे अरविंद पांडे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी वे उसे बखूबी निभाएंगे। अरविंद पांडे ने कहा कि यदि उन्हें पूर्व वाला विभाग मिलता है तो बेहतर होगा और यदि नहीं भी मिलता तो किसी दूसरे से अनुभव का लाभ लेंगे और यदि उनका विभाग किसी और को मिलता है तो उसे भी अपने अनुभव का लाभ देंगे।
उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 4 साल में जो काम किया है उसी को आधार बनाकर आगे भी काम जारी रखेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने मदन कौशिक को शुभकामनाएं दी और कहा कि मदन कौशिक के नेतृत्व में पार्टी अच्छा प्रदर्शन करेगी। मदन कौशिक स्वयंसेवक रहे हैं उन्होंने बीजेपी संगठन से लेकर राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है निश्चित रूप से उनके अनुभव से पार्टी को लाभ होगा।
गौरतलब है कि अरविंद पांडे ने दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और मंदिर में पूजा अर्चना भी की। उसके बाद अरविंद पांडे निरंजनी अखाड़े पहुंचे जहाँ उन्होंने अखाड़ा परिषद अध्यक्ष और सचिव महंत रवींद्र पुरी से मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *