हरिद्वार – कांग्रेसियों ने शहर कोतवाली पर धरना देकर पार्टी कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की सह पर पार्टी कार्यालय पर कब्जा किया गया है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आपको बता दे की मंगलवार को हरकी पैड़ी क्षेत्र के सुभाष घाट पर चल रहे कांग्रेस के कार्यालय को कोर्ट के आदेश पर खाली कराया गया था, लेकिन कांग्रेसियों की ओर से जबरन कार्यालय का ताला तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाया जा रहा है।

कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हरिद्वार ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करेंगे।

महानगर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने आरोप लगाया कि गलत तरीके से कार्यालय पर कब्जा किया गया है, कांग्रेस के लोग चुप नहीं बैठेंगे।

कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस की ओर से सड़क से लेकर सदन तक कार्यालय को बचाने की लड़ाई लड़ी जाएगी।

वहीं भगवानपुर से कांग्रेस विधायक ममता राकेश ने भी इस पूरे मामले पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गलत तरीके से कार्यालय खाली कराया गया है।