लालढांग (हरिद्वार) – कोरोना महामारी धीरे-धीरे विकराल रूप धारण करती जा रही है। जिसके बाद केंद्र, राज्य एवं जिला प्रशासन ने कई नियमों को कठोरता के साथ पालन करने का निर्देश किया है। पूर्व में जिलाधिकारी के आदेश के बाद कोरोना कर्फ्यू लगाया गया था। जिसे 6 मई तक बढ़ा दिया गया है। आदेश के मुताबिक बारह बजे तक सभी दुकाने बंद कर दी जानी चाहिए। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी कई दुकानें बारह बजे के बाद तक खुली रहती हैं। इसकी सूचना पर सोमवार को श्यामपुर पुलिस ने बारह बजे लालढांग का मुख्य बाजार बंद कराया। बता दें कि ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी दुकान बंद करने के समय को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। कई दुकानदार अपनी दुकानों को तय समय यानी बारह बजे ही बंद कर देते हैं, तो कई दुकानें देर शाम तक भी खुली रहती हैं। वहीं मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष श्यामपुर रघुवीर सिंह रावत ने बताया कि पूरे क्षेत्र में कोविड गाइडलाइन के नियमों का पालन कराया जा रहा है। अगर कहीं से भी शिकायत आती है तो तत्काल मौके पर पुलिस कर्मियों को भेजा जाता है। कोरोना गाइडलाइन के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

