देहरादून – प्रदेश में वैक्सीनैशन को और तेजी से करने के लिए मुख्यमंत्री ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में वैक्सीन आते ही 18 वर्ष से 45 वर्ष तक की आयु के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू कर दिया जाएगा। वैक्सीनेशन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वैक्सीन की पहली खेप आज उत्तराखंड पहुँच जाएगी। 

सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिग द्वारा प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति और वैक्सीनैशन की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री प्रदेश में कोरोना से हो रही मौतों पर चिंता व्यक्त की। तीरथ ने कहा कि हमें कोविड डेथ को रोकने के लिए सबसे ज्यादा काम करना होगा। कोविड संक्रमित तुरंत जरूरी दवाइयां लें, इसके लिये हमें मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था मजबूत करनी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तमाम वैक्सीनैशन सेंटरों पर अधिकारी कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखें, हर हाल में पालन हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि बङी और खुली जगहों पर वैक्सीनैशन का प्रबंध किया जाए तो बेहतर होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कालाबाजारी और ओवर रेटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। आक्सीजन के समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। अस्पतालों में आक्सीजन उपयोग की लगातार आडिटिंग की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *