हरिद्वार – हरिद्वार में 11 मार्च को होने जा रहे कुंभ मेले के पहले शाही स्नान को लेकर प्रशासन ने अपना रुख स्पष्ट किया है। 11 मार्च के महाशिवरात्रि के स्नान के लिए श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोविड रिपोर्ट नहीं लानी होगी। गौरतलब है कि अभी कुंभ मेले का नोटिफिकेशन नहीं हुआ है। इससे पहले केंद्र सरकार की ओर से कुंभ मेले के लिए जारी हुई एसओपी में कोविड नेगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य रूप से लाना बताया गया था। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मेला नियंत्रण भवन में 11 मार्च के शाही स्नान को लेकर मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के बीच हुई बैठक के बाद हरिद्वार के जिलाधिकारी सी रविशंकर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक के गंगा स्नान में जो व्यवस्था रही है उसी व्यवस्था के तहत 11 मार्च का शाही स्नान भी संपन्न कराया किया जाएगा। हालांकि हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को कोरोना बचाव के सभी नियमों का पालन करना होगा। वही जिलाधिकारी ने ये भी बताया कि 11 मार्च के स्नान के लिए सभी सेक्टरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई है। उनका प्रयास है कि जिस तरह से पहले के स्नान कराए गए है उसी तरह से मार्च का स्नान भी सम्पन्न कराया जाएगा। साधु संतों के शाही स्नान को लेकर जो व्यवस्था पहले बनी थी उसी के अनुसार अखाड़ो के साधु संतों वाले स्नान स्थल पर व्यवस्था की गई उस स्थान पर केवल साधु संत ही स्नान करेंगे। स्नान वाले दिन सरकार द्वारा जारी नियमो का पूर्णतया पालन कराया जाएगा। जितने भी सेक्टर कुंभ मेले के लिए बनाए गए हैं उन सभी का निरीक्षण किया जा रहा है और 9 मार्च तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएगी वहीं उन्होंने यह भी बताया कि स्नान करने वाले श्रद्धालुओं का रेंडम टेस्टिंग भी किया जाएगा ताकि कोरोना को लेकर किसी प्रकार की लापरवाह न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *