देहरादून – कुम्भ मेले में 11 मार्च महाशिवरात्रि शाही स्नान के अवसर पर हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं पर हेलीकाप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने यह निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के मद्देनजर जरूरी सावधानियों का पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। श्रद्धालु गंगा जी में सुविधापूर्वक स्नान कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा संतों का सम्मान सबसे ऊपर है। कुम्भ की दिव्यता और भव्यता सुनिश्चित की जानी जरूरी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी को मिलकर प्रदेश को विकास की ओर ले जाना है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारी अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करें। उत्तराखण्ड का विकास हम सभी का दायित्व है। सभी लोग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।


बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बंशीधर भगत, मुख्य सचिव ओमप्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, मनीषा पंवार, प्रमुख सचिव आनंदवर्द्धन, आर के सुधांशु, सचिव अमित नेगी, नितेश झा, राधिका झा, दिलीप जावलकर, सौजन्या सहित शासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *