हरिद्वार – हरिद्वार की विभिन्न तहसीलों में तैनात भू-लेख डाटा एंट्री ऑपरेटरो ने एक दिवसीय हड़ताल रखी। तहसीलों में कामकाज ठप कर उन्होंने वेतन बढ़ोत्तरी की माँग को लेकर रोशनाबाद स्थित जिला मुख्यालय पर धरना दिया। उनकी माँग है कि शासन द्वारा जारी किए गए शासनादेशों के अनुसार उनके वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी की जाए।
उत्तराखंड भूलेख डाटा एंट्री ऑपरेटर/कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के बैनर तले धरने पर बैठे सदस्यों की केवल वेतन बढ़ोत्तरी ही एक सूत्रीय माँग है। संगठन के जिला मंत्री साहिल ने कहा कि उनके उच्च अधिकारी उनसे काम तो चाहते है लेकिन उन्हें शासन से निर्गत शासनादेशों के अनुसार वेतन नही देना चाहते। उनके वेतन बढ़ोतरी से संबंधित शासनादेश जारी तो हो गए लेकिन उच्च अधिकारी उन पर कोई विचार नही कर रहे है इसलिए विवश होकर उन्हें कार्य बहिष्कार का फैसला लेना पड़ा और धरने पर बैठना पड़ा। संघ के जिलाध्यक्ष विकास रस्तोगी ने कहा कि शासन से निर्गत शासनादेशों का लाभ और त्रैमासिक वेतन भत्ता दिया जाना उनकी प्रमुख मांग है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक वेतन बढ़ोत्तरी से संबंधित उनकी ये मांगे पूरी नही होंगी तब तक उनका कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।

