लक्सर (हरिद्वार) – लक्सर में सरकारी खाद को प्राइवेट दुकान में बेचने का मामला सामने आया है जहाँ एक दुकान से सरकारी खाद के कट्टे बरामद हुए है। अन्य दुकानदारों की शिकायत का संज्ञान लेकर लक्सर एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त दुकान को सील कर दिया है।
मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गोर्धनपुर रोड का है जहाँ शाकम्बरी ट्रेडर्स नाम की एक दुकान पर इफको ट्रेड मार्क वाली खाद धड़ल्ले से बेची जा रही थी। जब अन्य खाद बेचने वाले दुकानदारों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने स्वम् इस दुकान से खाद बरामद कर पुलिस को सौंप दी। इसके बाद शाम को कीटनाशक विक्रेता समिति से जुड़े कई दुकानदार लक्सर एसडीएम से मिले और शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि शाकुम्भरी ट्रेडर्स नाम से लक्सर क्षेत्र में दो दुकानें है। दोनो ही दुकानों पर खाद को इफको खाद लिखे कट्टो में भरकर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है, जबकि इफको खाद केवल सरकारी दुकानों से ही किसानों को बेची जाती है। शिकायत मिलने के एक घंटे बाद ही एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताई गई दुकानों पर औचक छापेमारी कर दी। इस दौरान उन्हें दुकान में प्राइवेट दुकानों के लिए प्रतिबंधित इफको खाद के कट्टे बरामद हुए। एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया। वही छापेमारी की सूचना मिलते ही दुकानदार फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।

एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि लक्सर क्षेत्र में सरकारी खाद को प्राइवेट दुकानों में बेचा जा रहा है, शिकायत का संज्ञान लेकर उन्होंने छापेमारी की तो एक दुकान से बड़ी संख्या में सरकारी खाद के कट्टे बरामद हुए है। पुलिस की मौजूदगी में उक्त गोदाम को सीज किया जा रहा है। आरोपी फरार होने में कामयाब रहा लेकिन उसकी जितनी भी दुकानें और गोदाम है सबको सीज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *