हरिद्वार – गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के संस्थापक स्वामी श्रद्धानंद के 99वे बलिदान दिवस पर 1100 कुंडिय यज्ञ का आयोजन किया गया। हरिद्वार के श्यामपुर में गंगा नदी के बीच स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की प्राचीन बिल्डिंग में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल और फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय भी शामिल हुए।
इस दौरान स्वामी श्रद्धानंद द्वारा किए गए महान कार्यों को याद किया गया। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल द्वारा मंच से घोषणा की गई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की प्राचीन बिल्डिंग में शोध केंद्र और गंगा म्यूजियम बनाया जाएगा। आपको बता दे कि साल 1902 में स्वामी श्रद्धानंद द्वारा हरिद्वार के श्यामपुर में गुरुकुल आश्रम की स्थापना की गई। बाद में इसी स्थान पर गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय बनाया गया। इस क्षेत्र में बार बार बाढ़ आने के कारण इस बिल्डिंग को छोड़ कर हरिद्वार में नये भवन का निर्माण किया गया और बच्चों को पढ़ाई के लिए वहां शिफ्ट कर दिया गया था।

