देहरादून – लड़कियों की फटी जीन्स वाले बयान के बाद उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने आज एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। अपने बयान की वजह से तीरथ एक बार फिर मीडिया की सुर्खियों में है। सीएम तीरथ ने लॉक डाउन के दौरान बंटे सरकारी राशन को लेकर बयान दिया है। सीएम ने दो बच्चों और बीस बच्चों वाले परिवार को लेकर किस्सा सुनाया है। दरअसल रविवार को रामनगर में अंतरराष्ट्रीय वानिकी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम तीरथ मंच पर भाषण दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि “लोगों में सरकार द्वारा बांटे गए चावल को लेकर जलन भी होने लगी कि दो सदस्यों वालों को 10 किलो जबकि 20 सदस्य वालों को एक क्विंटल अनाज क्यों दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भैया इसमें दोष किसका है। उसने 20 पैदा किए ओर आपने दो पैदा किए तो उसको एक क्विंटल मिल रहा है, इसमें जलन काहे का। जब समय था तब आपने दो ही पैदा किए 20 क्यों नहीं किए। सीएम के मुँह से ये शब्द निकलते ही उनके मुख से निकली ये लाइन्स मीडिया जगत की सुर्खी बन गई।
गौरतलब है कि सीएम तीरथ ने इससे पहले भी महिलाओं के फटी जीन्स को लेकर टिप्पणी की थी जिसके बाद उत्तराखंड से लेकर पूरे देश मे बवाल मच गया था। हालाँकि बाद में सीएम तीरथ द्वारा सफाई देने के बाद मामला दब गया लेकिन एक बार फिर से राशन वाले बयान पर वो एक बार फिर से चर्चा में है।

