हरिद्वार – पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा अपने बेटे और हरिद्वार से कांग्रेस उम्मीदवार वीरेंद्र रावत को चुनाव लडने के लिए लोगों से सहयोग की अपील पर निर्दलीय विधायक और लोकसभा प्रत्याशी उमेश कुमार ने जोरदार हमला बोला है।

हरिद्वार के मोती बाजार में रोड शो करने पहुंचे उमेश कुमार ने कहा कि वे हरीश रावत को चंदा देने के लिए तैयार हैं लेकिन पहले हरीश रावत अपने मुख्यमंत्री काल में जो पैसा कमाया उसका हिसाब दें। उमेश कुमार ने कहा कि अपनी सरकार बचाने के लिए हरीश रावत विधायक खरीदना चाह रहे थे.. वह रकम कहां से आ रही थी। उमेश कुमार ने कहा कि हरीश रावत बहरूपिया और ढोंगी हैं और जनता को एक बार फिर बरगलाना चाहते हैं लेकिन इस बार जनता उनके झांसे में नहीं आयेगी।

मोती बाजार में रोड शो के दौरान उमेश कुमार का कई व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों ने स्वागत किया। इस मौके पर उमेश कुमार ने व्यापारियों को अपने चुनाव चिन्ह केतली से चाय पिलाई। विधायक उमेश कुमार ने कहा कि हरिद्वार कॉरिडोर के नाम पर अगर किसी भी व्यापारी की दुकान पर गलत तरीके से बुलडोजर चला तो उससे पहले बुलडोजर को उनके ऊपर से गुजरना होगा।