देहरादून – देश के साथ प्रदेश में भी कोरोना तेज़ी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना ग्राफ के मद्देनजर देश-विदेश से कुम्भ में आये श्रद्धालुओं और आगामी मई से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा को धयान में रखते हुए उत्तराखंड पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने केंद्र से कोविड ट्रेन आईसोलेशन कोचेज उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। सतपाल महाराज ने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिख कर यह आग्रह किया है।
सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार में आस्था का महाकुंभ चल रहा है। जबकि मई से उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है। प्रदेश में चारधाम यात्रा के मद्देनजर देश-विदेश से तीर्थ श्रद्धालु देवभूमि आते हैं। सतपाल महाराज कुम्भ मेले के श्रद्धालुओं और चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्र से हरिद्वार और ऋषिकेश में आईसोलेशन कोच उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। आइसोलेशन कोच वाली कोविड केयर ट्रेन से लोगों काफी मदद मिलेगी। श्रद्धालुओं के लिये कोरोना संक्रमण काल में रेलवे मददगार साबित होगा। सतपाल महाराज ने कहा श्रद्धालुओं को उत्तराखंड में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को सभी सुविधा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
रेल मंत्रालय की ओर से कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कई बड़े और महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे। सैनिटाइजर निर्माण के साथ ही, मास्क, पीपीई किट का निर्माण शुरू किया गया था। कोरोना मरीजों के लिए रेलवे ने कोविड केयर कोच का निर्माण भी किया। कोविड केयर कोच को पूरे देश के स्टेशनों पर लगाया भी गया था।

