मयूर सैनी की रिपोर्ट
लक्सर (हरिद्वार) – कोरोना महामारी में उत्तराखंड पुलिस कई लोगो के लिए देवदूत साबित हुई है। डीजीपी अशोक कुमार द्वारा चलाये गए मिशन हौसला से एक महिला को नया जीवनदान मिला है। लक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र के प्रयास से ये संभव हो पाया। मरीज़ को सही समय पर सुभाष चंद ने ऑक्सिजन सिलेंडर उपलब्ध कराया। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है।
शनिवार को लक्सर के मोहल्ला सीमली निवासी दीपक कुमार जो कि रेलवे स्टेशन पर वेंडर है, की बहन मुनेश देवी की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब है। मुनेश देवी को अचानक आक्सीजन की जरूरत पड़ गयी। आक्सीजन सिलेंडर की तलाश में दीपक कई जगह गया लेकिन काफी प्रयास करने के बाद भी उसे कहीं से आक्सीजन सिलिंडर नहीं मिल पाया। इस बीच किसी ने दीपक को लक्सर जीआरपी में तैनात थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र से बात करने की सलाह दी। दीपक ने सुभाषचंद्र से आक्सीजन सिलिंडर दिलाने का अनुरोध किया। दीपक के अनुरोध पर सुभाषचंद्र ने अपने प्रयास से दीपक के लिए एक ऑक्सिजन सिलेंडर की व्यवस्था कराई। फिलहाल दीपक की बहन का इलाज जारी है।
वैश्विक महामारी के समय में मदद के लिए दीपक व उसके परिजनों ने जीआरपी थानाध्यक्ष सुभाषचंद्र का आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि कोरोना काल में उत्तराखंड पुलिस लोगों के लिए किसी देवदूत से कम नहीं है। उत्तराखंड पुलिस बीमार मरीज़ों को अस्पताल पहुँचा रही है। तो कोरोना से मरने वालों का अंतिम संस्कार तक करवा रही है, अब “मिशन हौसला” के तहत लोगों के इलाज में भी हर संभव मदद कर रही है।

