देहरादून – उत्तराखंड में राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक जमीन तराशने में जुटे है। इन दलों के नेता जनता से वह वादे कर रहे हैं जिससे राजनीतिक लाभ मिल सके। उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी ने शराब को मुद्दा बनाकर जनता का ध्यान अपनी और आकर्षित करने का प्रयास किया है। पार्टी के अध्यक्ष संजय कुंडलिया ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी की सरकार आते ही 10 दिन के अंदर उत्तराखंड को पूर्ण शराब मुक्त कर दिया जायेगा। वर्तमान में जो स्थिति उत्तराखंड के अंदर शराब को लेकर है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्तराखंड देवभूमि है और पूरे विश्व मे अपने धामों के कारण देवस्थली के नाम से जानी जाती हैं। इस पावन पवित्र भूमि पर सिर्फ धार्मिक लिहाज से शराबबंदी होना चाहिए ऐसा नही है। बहुत ऐसे कारण है जिसको ध्यान में रखते हुऐ उनकी पार्टी ने यह फैसला लिया है। पहाड़ों में अनेकों ऐसे परिवार आपको मिल जाएंगे जहां शराब के वजह से हर रोज कितनी महिलाओं को अपमान का सामना करना पड़ता है। वही आए दिन सड़क पर शराब पीकर गाड़ी चलाने की वजह से अनेकों हादसे होने कि भी खबर मिलती ही रहती है। ऐसी निंदनीय घटनाओँ ने उत्तराखंड के मान-सम्मान और अनेको परिवारों को गर्त में ला दिया है। शराब के वजह से ही अनेकों परिवार में आर्थिक तंगी झेलनी पड़ती है।
उनका ये भी कहना है कि उत्तराखंड के युवाओं में नशे की लत लग चुका है कि अब वे अपने उज्ज्वल भविष्य से दूर होते जा रहे हैं। शराब का नशा प्रदेश के युवाओं को खोखला करता चला जा रहा है और वह दिन दूर नहीं जब नशे और शराब की वजह से हमारा प्रदेश एक कमजोर शक्तिहीन युवाओं का राज्य बन जाएगा। स्कूलों एवं कॉलेजों में भी बच्चे शराब पीते हुए पाए जाते हैैं। जो सबको शर्मसार कर देती है। ऐसी राजनीति करने का क्या फायदा जिससे आर्थिक स्थिति सुधारने का हवाला देकर लोगों को बर्बाद कर रहे हैं। उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी संकल्प लेती है कि जब वह सरकार में आएगी तो 10 दिन के भीतर पूरे प्रदेश में शराब बंदी लागू करेगी और यह अवश्य होगा।
’उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी लोगों के सामने एक राजनीतिक विकल्प देने जा रहा है, जो समग्र उत्तराखंड को एक विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पित है और जो बहुआयामी विकास के लिए दृढ़ निश्चय ले चुके है। उत्तराखंड प्रगतिशील पार्टी आने वाले चुनाव में प्रदेश के 70 के 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी।

