सचिन कुमार
हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार में चल रहा कांवड़ मेला अब चरम सीमा पर पहुंच गया है। दूरदराज से आने वाले कावड़िए तरह-तरह की कांवड़ लाकर लोगों का ध्यान अपनी और आकर्षित कर रहे हैं। ऐसे ही 24 कांवड़ियों का एक दल हरियाणा के कैथल से हरिद्वार पहुंचा और 165 फुट तिरंगे झंडे की कांवड़ बना डाली। हालांकि उन्हें हाईवे पर कांवड़ ले जाने में कुछ कठिनाइयों का सामना जरूर करना पड़ा लेकिन देशभक्ति का जज्बा लिए कांवड़ियों के कदम भारी बारिश में जरा भी नहीं डगमगाए।
गौरतलब है कि कैथल से हरिद्वार के बीच की दूरी करीब 200 किलोमीटर है। हरिद्वार से 165 फुट की कावड़ तैयार करने के बाद यह कावड़िए आज यानी 10 जुलाई को हरिद्वार से पैदल रवाना हो गए। 14 जुलाई को यह लोग कैथल पहुंचेंगे और वहां नजदीकी शिवालय में गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे।
कांवरियों ने बताया कि हरिद्वार कांवड़ मेले में शिवभक्त अलग अलग तरह की कांवड़ लाते हैं। उन्होंने सोचा कि शोर शराबे से अलग उन्हे कुछ अच्छा करना चाहिए जिससे समाज में एक अच्छा संदेश जाए। उनके गांव के 24 लोगों ने एक साथ मन बनाया कि वह देश भक्ति की कावड़ बनाएंगे। 165 फीट तिरंगे की कावड़ बनाने के लिए उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी बकायदा उन्होंने इसके लिए विशेष तरह की ट्रॉली बनाई है जो पैदल ही चलती है। पूरे रास्ते उनके दल के सभी लोग अपने हाथों से इस कावड़ को खींचते हैं और सह सम्मान के साथ कैथल लेकर पहुंचते हैं।

