हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार कुंभ के रंग में सराबोर है। आने वाले शाही स्नान पर्वो के लिए अखाड़ों, मठ मंदिरों के साथ ही धार्मिक संगठनों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। 3 अप्रैल को हरिद्वार में श्री गुरु रविदास साधु सोसायटी और श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ इन दोनों संगठनों द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के बाद हर की पौड़ी पर शाही स्नान होगा। संगठनों से जुड़े लोगों ने हरिद्वार प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान गुरु रविदास साधु सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत निर्मल दास महाराज ने बताया कि इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में उनके अनुयायी भाग लेंगे। हरिद्वार के जटवाड़ा पुल से यात्रा की शुरुआत होगी और सभी लोगो द्वारा कोरोना गाइडलाइंस का पालन कराया जाएगा।
वही श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बीजेपी विधायक सुरेश राठौर ने बताया कि यात्रा में शामिल सभी लोग भगवा रंग के वस्त्र पहनेगें क्योंकि गुरु रविदास ने भी भगवा रंग की महिमा का वर्णन किया है। हरिद्वार के कई क्षेत्रों से होते हुए यात्रा हर की पौड़ी पहुँचेगी। इस दौरान सरकार की सभी गाइडलाइंस का पालन होगा। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि 2010 के कुम्भ में भी उनकी इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे और इस बार भी हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। 2010 के कुम्भ में पालीवाल धर्मशाला के सामने रामदास अठावले और प्रवीण तोगड़िया द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया था और इस बार भी वो सभी लोगो को निमंत्रण दे रहे हैैं।

