हरिद्वार – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “हरिद्वार स्वच्छ हो अपना” संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला पुलिस प्रशासन की टीम ने जिले में स्वच्छता अभियान चलाया। वही परिवहन विभाग द्वारा भी जनपद में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा की सक्रिय सहभागिता रही। उनके मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी मोहनलाल, मुकेश भारती, राजेंद्र बिष्ट, मनोज नेगी एवं भारत भूषण द्वारा शंकराचार्य चौक, चंडी चौक, प्रेम नगर आश्रम तथा आरटीओ कार्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया गया।
इस अभियान में 1500 से अधिक नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न परिवहन यूनियनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया तथा स्वच्छता की शपथ ली। टैक्सी यूनियन, मैक्सी कैब यूनियन, बस यूनियन, ट्रक यूनियन, ई-रिक्शा यूनियन, ऑटो यूनियन, विक्रम यूनियन एवं वाहन डीलर्स एसोसिएशन ने भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि
“स्वच्छता जनभागीदारी से ही संभव है। हरिद्वार आस्था की नगरी है, इसे स्वच्छ रखना हम सभी का दायित्व है। सभी टैक्सी, मैक्सी कैब, बस, ट्रक, ई-रिक्शा, ऑटो एवं विक्रम संचालकों से अपील है कि प्रत्येक वाहन में डस्टबिन अवश्य रखें, ताकि सड़क पर कचरा न फेंका जाए और स्वच्छता बनी रहे।” अंत में परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला जनआंदोलन है।
“स्वच्छ हरिद्वार ही विकसित हरिद्वार की पहचान है – और यह जिम्मेदारी हम सभी की है।”

