हरिद्वार – कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द ही रात के अंधेरे से राहत मिलने की उम्मीद है। यहां से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी मुनीश कुमार सैनी ने क्षेत्र के गांवों में पर्याप्त रोशनी न होने की समस्या को उठाते हुए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि अधिकांश गांवों में रात के समय अंधेरा रहता है, जिससे लोगों को आवागमन और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पत्र में मुनीश सैनी ने गांवों में कम से कम 80 स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की थी, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और रात के समय होने वाली दिक्कतें दूर हो सकें।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही स्ट्रीट लाइट स्थापना के संबंध में औपचारिक पत्राचार भी किया गया है, जिससे कार्य प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुनीश कुमार सैनी का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में रोशनी की समस्या बनी हुई थी। स्ट्रीट लाइट लगने से न केवल सुरक्षा बेहतर होगी, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी रात के समय आवागमन में सुविधा मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए मुनीश कुमार सैनी और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार जताया है। उम्मीद व्यक्त की है कि जल्द ही गांवों में रोशनी दिखाई देगी।

