मयूर सैनी
हरिद्वार, 1 जून – हरिद्वार पुलिस को 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के नजदीक कांवड़ लेकर जा रहे एक व्यक्ति को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों द्वारा गोली मारी गई है।
सूचना मिलते ही कनखल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों को पूरी घटना से अवगत करवाया, जिसके बाद पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुँचे।
पुलिस को प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली कि उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा के चार कांवड़ यात्रियों की गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कुछ बाइक सवार युवकों से कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद बाइक सवार युवकों ने कांवड़ यात्री अजय जो हरियाणा का रहने वाला है को गोली मार दी, घायल युवक को उसके साथियों द्वारा पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायल को एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया।
हालांकि पुलिस ने त्वरित मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है, वहीं फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

